Top News

एक राष्ट्र, एक चुनाव’ अभियान के तहत जाम में विधायक गौरव पारधी ने किया छात्रों से संवाद विधायक पारधी ने 50 डेस्क-बेंच और स्मार्ट क्लास का किया लोकार्पण


कटंगी -खैरलांजी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जाम स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक राष्ट्र, एक चुनाव अभियान के अंतर्गत छात्र संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था की समझ देना और एक साथ चुनाव की अवधारणा से अवगत कराना रहा। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि विधायक गौरव पारधी ने विद्यार्थियों से संवाद कर शिक्षा के साथ लोकतांत्रिक जागरूकता को जोड़ने पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां विद्यार्थियों ने विषय को गंभीरता से सुना और समझा।

बार-बार चुनाव से विकास प्रभावित, एक साथ चुनाव से मिलेगी स्थिरता: विधायक गौरव पारधी

कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री गौरव पारधी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए “वन नेशन, वन इलेक्शन” की अवधारणा सरल शब्दों में समझाई। उन्होंने कहा कि जैसे गांव में पंच, सरपंच और जिला पंचायत के चुनाव एक साथ होते हैं और मतदाता एक ही बार वोट देते हैं, उसी तरह देश में विधानसभा और लोकसभा के चुनाव भी एक साथ होने चाहिए।

श्री पारधी ने बताया कि बार-बार चुनाव होने से समय और सरकारी धन की बड़ी बर्बादी होती है। चुनाव की घोषणा के बाद लागू आदर्श आचार संहिता डेढ़ से तीन महीने तक विकास कार्यों को प्रभावित करती है। एक साथ चुनाव होने से विकास कार्य निरंतर चल सकते हैं और जनता को इसका लाभ सीधे मिलेगा।

जिला खनिज मद से विद्यालय को मिली डेस्क-बेंच और स्मार्ट क्लास की सुविधा


इस अवसर पर जिला खनिज मद के अंतर्गत विद्यालय को 50 डेस्क-बेंच और स्मार्ट क्लास की आधुनिक सुविधा प्रदान की गई, जिसका विधायक श्री गौरव पारधी ने विधिवत लोकार्पण किया। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ इस नए संसाधन का निरीक्षण भी किया और इसकी उपयोगिता के बारे में चर्चा की। इन सुविधाओं के माध्यम से न केवल शैक्षणिक वातावरण और अधिक सुसज्जित होगा, बल्कि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के जरिए पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। विधायक ने आशा व्यक्त की कि ये संसाधन बच्चों की सीखने की क्षमता और उनकी रुचि को और बढ़ाएंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य श्री खरौले जी ने की। इस अवसर पर मुख्य वक्ता भाईसाहब सुरेन्द्र भगत, अभियान के जिला संयोजक प्रफुल बिसेन, अवलेश पारधी, वरुण देशमुख, सरपंच दलसिंह पंद्रे, टेकचंद मनघटे, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने